जनवरी के अंत में भारत की यात्रा करेंगे संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष

न्यूयार्क- 19 जनवरी। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष सिसाबा कोरोसी इसी माह के अंत में भारत की यात्रा करेंगे। भारत के बाद वे चीन की यात्रा पर जाएंगे और फिर अगले महीने फरवरी में वे जापान की यात्रा पर जाएंगे।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष सिसाबा कोरोसी की प्रवक्ता पॉलिना कुबिक ग्रीर के अनुसार कोरोसी की भारत यात्रा 29 जनवरी से शुरू होगी। वे यहां विदेश नीति केंद्रित थिंक टैंक इंडियन कॉउंसिल ऑफ वर्ल्ड एफेयर्स के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। भारत यात्रा के दौरान वे स्थानीय वैज्ञानिकों से भी मिलेंगे और एक जल संरक्षण परियोजना का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निमंत्रण पर संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष की यह भारत यात्रा हो रही है। पिछले साल दिसंबर में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष से मिले थे और बहुपक्षवाद में सुधार सहित जी-20 समूह की भारत की अध्यक्षता के लक्ष्यों पर बातचीत की थी।

अपनी भारत यात्रा समाप्त कर संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष चीन जाएंगे। चीन में वे सतत विकास लक्ष्यों के लिए इंटरनेशनल रिसर्च सेंटर ऑफ बिग डेटा का दौरा करेंगे। यह शोध केंद्र संयुक्त राष्ट्र संघ के वर्ष 2030 के एजेंडा के कार्यान्वयन की सुविधा प्रदान करता है। वे चीन में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। चीन के बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष फरवरी में जापान का दौरा करेंगे।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!