
CM सम्राट ने हाजीपुर के बाढ़ राहत शिविरों में कम्युनिटी किचन,भोजन वितरण काउंटर का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कई निर्देश
बाढ़ में डूबने से हुई मृत्यु के मामलों में मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई
वैशाली- 07 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वैशाली जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हाजीपुर में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राहत शिविर में रह रहे लोगों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जिले में गंगा ब्रिज थाना के सामने संचालित बाढ़ राहत शिविर में माननीय मुख्यमंत्री ने कम्युनिटी किचन का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन वितरण काउंटर और निबंधन सह नियंत्रण कक्ष में व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्वयं लोगों को भोजन परोसा। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता देखी और शिविर में रह रहे लोगों से पूछा कि उन्हें भोजन एवं अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है। लोगों ने बताया कि शिविर में अच्छी व्यवस्था है और उन्हें पर्याप्त भोजन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत की। उन्होंने शैक्षणिक शिविर में भी बच्चों से उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और खान-पान के बारे में जानकारी ली। शिविर में महिलाओं और पुरुषों के लिए की गई अलग-अलग रहने की व्यवस्था का भी उन्होंने जायजा लिया और दोनों शिविरों में जाकर लोगों से सीधे संवाद किया। स्वास्थ्य शिविर के निरीक्षण के दौरान माननीय मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उपलब्ध जांच और इलाज की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि बीमार होने की स्थिति में बाढ़ पीड़ितों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और किसी भी व्यक्ति को इलाज के लिए परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने पशु चिकित्सा शिविर की भी जानकारी ली और अधिकारियों को पशुओं के लिए पर्याप्त दवा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को पशु चारा की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बाढ़ के कारण पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने बाढ़ के पानी में डूबने से हुई मृत्यु के मामलों में मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
राहत शिविर के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी के जलस्तर में लगभग 17 से 18 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई है। फरक्का बराज से अभी लगभग 15 लाख क्यूसेक पानी का लगातार डिस्चार्ज हो रहा है। अगले दो-तीन दिनों में स्थिति में और राहत मिलने की संभावना है। पदाधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आपदा से लोगों को निजात दिलाने के लिए सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है। वर्तमान में आपदा की स्थिति है और ऐसी घड़ी में सरकार पूरी तरह लोगों के साथ खड़ी है। बाढ़ प्रभावित लोगों को हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, इलाज, पढ़ाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन द्वारा हर स्तर पर स्थिति की मॉनिटरिंग की जा रही है। स्थिति सामान्य होने के बाद एक-एक हाउस होल्ड की जांच कर नुकसान का आकलन किया जाएगा तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव राहत प्रदान की जाएगी। गंगा नदी के स्ट्रेच को एक सीमा में बांधने के संबंध में केंद्रीय जल आयोग से भी बातचीत की गई है, ताकि प्रत्येक वर्ष बाढ़ से उत्पन्न होने वाली समस्या से लोगों को स्थायी रूप से निजात दिलाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान माननीय उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी,लालगंज के विधायक संजय सिंह, वैशाली के सिद्धार्थ पटेल, जनप्रतिनिधिगण,मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार,आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल, जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह,पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।



