
MADHUBANI:- गंगासागर काली मंदिर परिसर में दूसरे दिन भी पसरा सन्नाटा, दुकानें बंद- दुकानदारों में आक्रोश
मधुबनी- 07 सितंबर। शहर के प्रसिद्ध गंगासागर काली मंदिर परिसर में सोमवार को दूसरे दिन भी वीरानगी छाई रही। दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जारी रखा। बता दें कि रविवार को दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर नाराजगी जाहिर की थी। दुकानदारों का आरोप है कि 4-5 माह पूर्व एक ठेकेदार द्वारा अग्रिम राशि ली गई थी, जो अब तक वापस नहीं लौटाई गई है। व्यापार में मंदी के कारण अब दोबारा अग्रिम राशि देने की स्थिति में नहीं हैं। दुकानदारों की 3 मुख्य मांगों में पूर्व में ली गई अग्रिम राशि की वापसी, फिलहाल दुकानों के किराए में कोई इजाफा नहीं किया जाए और दुकानदारों की सुरक्षा बहाल की जाए शामिल है।
दुकानदारों ने कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, वे अनिश्चितकालीन दुकान बंद रखेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन और राज दरभंगा से हस्तक्षेप की मांग की है। चेतावनी दी है कि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो अग्रिम राशि को लेकर नगर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। वहीं, इस मामले पर केयरटेकर रामनरेश ठाकुर चंदन का कहना है कि पुराने अग्रिम राशि की वापसी दुकानदारों का अधिकार है। परिसर का नए सिरे से विकास और दुकानदारों की मांगों पर विचार-विमर्श के साथ काम किया जाएगा।



