क्राइम

मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से अब तक 11 मौतें, 8 गंभीर मरीज बीएमसी रेफर

सागर- 06 सितंबर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील के आसपास के गांवों में जहरीली शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। 24 मरीजों का इलाज चल रहा है और आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पाल, एसपी अनुराग सुजानिया सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात घूघर, नौराज, गूगरा खुर्द, बराज और आसपास के क्षेत्रों में कुछ लोगों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें बंडा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद कुछ लाेगाें काे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कई मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचे मरीजों में कुछ के शरीर नीले पड़ने और अकड़न की शिकायत सामने आई। डॉक्टरों की निगरानी में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद रविवार सुबह से स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर शराब का सेवन करने वाले लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे में किसी भी तरह की शराब का सेवन किया है, वे लक्षण नहीं होने पर भी एहतियात के तौर पर स्क्रीनिंग कराएं। उल्टी, सिरदर्द, बुखार या तबीयत बिगड़ने जैसी शिकायत होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।

बमुराबेड़ा गांव के रामकुमार दांगी ने बताया कि उनके गांव में भी चार लोगों की मौत हुई है। उनके अनुसार, कुछ लोगों ने साथ में शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ी। उन्होंने बताया कि शरीर ठंडा पड़ने और हालत बिगड़ने के बाद कुछ लोगों की जल्द ही मौत हो गई।

घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में कार्रवाई तेज कर दी है। मौतों के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की छह शराब दुकानों को सील किया गया है। शराब के सैंपल लेने के साथ ही उनकी जांच के निर्देश दिए गए हैं। बंडा में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय सूत्रों और कुछ शराब ठेकेदारों का दावा है कि क्षेत्र में नकली और अवैध शराब की बिक्री को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं। हालिया बैठक में लाइसेंसी ठेकेदारों द्वारा भी अवैध शराब के कारोबार का मुद्दा उठाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में गोलू उर्फ चमन लोधी पुत्र साहब सिंह (45), ग्राम गूगरा खुर्द, दिग्विजय लोधी पुत्र देवेन्द्र लाेधी (28), ग्राम नौराज, करतार सिंह लोधी पुत्र जाेधन लाेधी (30), ग्राम नौराज, उजियार सिंह लोधी पुत्र विजय सिंह लाेधी (56), ग्राम गूगरा खुर्द, रोशन लोधी पुत्र जगन्नाथ (30), ग्राम पाटन थाना विनायका और राजेंद्र पुत्र मूरत लोधी (32), ग्राम नौराज, गूगरा, हरनाम पुत्र घनश्याम राय (42) ग्राम चाैका, उत्तम नत्थू नायक (42) ग्राम दलपतपुर, सुमेर सिंह दांगी (47) पुत्र पूरन ग्राम बमूरा, राजकुमार लाेधी (47) पुत्र नन्नई लाेधी, ग्राम बमूरा, सुरेन्द्र अहिरवार (35) पुत्र सुखलाल, ग्राम लिधाैरा शामिल हैं। गोलू उर्फ चमन को पहले से कैंसर की शिकायत होने की जानकारी भी सामने आई है।

गंभीर हालत में हरनाम राय (42), ग्राम चौका, उत्तम नत्थू नायक (42), दलपतपुर, मंगल पुत्र अनरथ रजक (40), ग्राम गूगरा खुर्द, परम पुत्र रणसिंह आदिवासी ग्राम हिनाैता, धनसिंह पुत्र पद्म आदिवासी (30), ग्राम हिनौता, चंद्रभान पुत्र भगुंत लाेधी (48) ग्राम नाैराज, अजय पुत्र नत्थू लाेधी (30) ग्राम नाैराज, विनाेद पिता कल्लू (50), ग्राम गूगरा और राघवेन्द्र पिता किशाेर लाेधी (32) ग्राम नाैराज काे बीएमसी सागर रेफर किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अन्य प्रभावित लोगों की भी निगरानी कर रही हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!