
फिल्म ‘राणाबाली’ का ग्रैंड टीजर 9 सितंबर को होगा रिलीज
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राणाबाली’ का ग्रैंड टीजर 9 सितंबर को रिलीज किया जाएगा। माइथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को दशहरा के मौके पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। स्वतंत्रता संग्राम के एक अनकहे और दर्दनाक अध्याय पर आधारित इस पीरियड ड्रामा को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।
फिल्म की घोषणा के बाद से मेकर्स लगातार कैरेक्टर पोस्टर, गानों और विशेष झलकियों के जरिए दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाते रहे हैं। हाल ही में जारी एक वीडियो में “एक दफन इतिहास”, “एक बागी सरदार”, “एक खतरनाक आमना-सामना” और “1876–1878” जैसी पंक्तियों के माध्यम से फिल्म की कहानी और माहौल की झलक दिखाई गई है। मेकर्स का कहना है कि भारी जन मांग को देखते हुए टीजर को भव्य स्तर पर रिलीज किया जाएगा, जो फिल्म के प्रति उत्साह को और बढ़ाएगा।
निर्देशक राहुल सांकृत्यन की यह फिल्म धर्म और अधर्म के संघर्ष की कहानी को बड़े कैनवास पर पेश करती है। दशहरा की भावना और बुराई पर अच्छाई की जीत को दर्शाने वाली यह फिल्म त्योहारों के सीजन में दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देने का दावा कर रही है। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की लोकप्रिय जोड़ी,भव्य निर्माण,दमदार कहानी और अजय-अतुल के संगीत के साथ ‘राणाबाली’ को अक्टूबर 2026 की सबसे बड़ी फेस्टिव रिलीज में से एक माना जा रहा है।



