
MADHUBANI: गंगासागर काली मंदिर परिसर के दुकानदारों में आक्रोश, किराया और अग्रिम राशि को लेकर आज 03 सितंबर को करेंगे बैठक
मधुबनी- 03 सितंबर। शहर के गंगासागर काली मंदिर परिसर के दुकानदारों में इन दिनों मनमाने तरीके से दुकानों का किराया बढ़ाने और अग्रिम राशि देने का दबाव बनाए जाने को लेकर भारी असंतोष है।
इसी को लेकर दुकानदारों ने गुरुवार को परिसर स्थित बैठक बुलाई है। दुकानदारों का आरोप है कि दुकानदार पहले ही मोटी अग्रिम राशि जमा कर चुके हैं। जिसका किराये में समायोजन नहीं किया जा रहा है। किराये के रूप में ली जा रही राशि की रसीद भी नहीं दी जा रही है, जिससे उनमें अविश्वास बढ़ रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि पहले से ही व्यापार में मंदी है, ऊपर से अचानक किराया वृद्धि और मोटी अग्रिम राशि की मांग से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। छोटी-छोटी दुकानें चला कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। बैठक में आगे की रणनीति तय कर राज दरभंगा के युवराज कपिलेश्वर सिंह और कामेश्वर सिंह धार्मिक न्यास के प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।



