
MADHUBANI: राजनगर राज परिसर के विकास पर ट्रस्ट का बड़ा बयान, CM सम्राट के दौरे का किया स्वागत, कहा- आज तक नहीं मिला लिखित प्रस्ताव
मधुबनी- 07 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राजनगर दौरे के एक दिन बाद राजनगर रिलीजियस ट्रस्ट ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। ट्रस्ट के मैनेजर द्वारा 07 सितंबर को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि 06 सितंबर को मुख्यमंत्री का आगमन राजनगर में हुआ। उन्होंने राज परिसर स्थित देवी-देवताओं के मंदिर में पूजा-अर्चना की। पुराने राज प्रसाद एवं राज परिसर के विकास की बात कहीं, जिसका ट्रस्ट स्वागत करता है।
ट्रस्ट ने याद दिलाया है कि लगभग एक-डेढ़ वर्ष पूर्व तत्कालीन पर्यटन सचिव अभय कुमार सिंह ने भी बिहार सरकार के निर्देश पर राजनगर के राजप्रसाद एवं मंदिर परिसर क्षेत्र के विकास की मंशा जाहिर की थी। उस समय राजनगर ट्रस्ट के ट्रस्टी से बातचीत भी हुई थी और आश्वासन दिया गया था कि सरकार का प्रस्ताव लिखित रूप में ट्रस्ट को दिया जाएगा। ट्रस्ट का कहना है कि आज तक सरकार के द्वारा ऐसा कोई प्रस्ताव राजनगर रिलीजियस ट्रस्ट को, जिसे पटना उच्च न्यायालय ने मान्यता दी है, को अथवा इसके ट्रस्टी को प्राप्त नहीं हुआ है। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि वह सरकार द्वारा दिए गए ऐसे किसी भी प्रस्ताव पर उसके गुण-दोष देखने के बाद अपनी सहमति देने के लिए तैयार है, जिसमें राजनगर स्थित राज परिसर के विकास की बात कही गई हो।
राजनगर राज परिसर 19वीं सदी का ऐतिहासिक धरोहर है। स्थानीय लोगों की गहरी आस्था इससे जुड़ी है। लोगों ने मुख्यमंत्री के दौरे का स्वागत किया है। उम्मीद जताई है कि इस बार विकास का वादा सिर्फ मौखिक न रह कर लिखित प्रस्ताव के साथ धरातल पर उतरेगा।



