
MADHUBANI: गंगासागर काली मंदिर परिसर के दुकानदारों से हो रहा पूरी पारदर्शिता से काम : केयरटेकर
मधुबनी- 03 सितंबर। शहर के गंगासागर काली मंदिर परिसर के दुकानदारों के साथ अग्रिम राशि या मासिक किराया को लेकर किसी तरह की मनमानी नहीं की जा रही है, बल्कि पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। उक्त बातें मंदिर परिसर के केयरटेकर रामनरेश ठाकुर चंदन ने कही। उन्होंने कहा कि परिसर में पूर्व के ठेकेदार द्वारा दुकानदारों के साथ जो भी व्यवहार किया गया, उससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें 01 अगस्त से राज दरभंगा द्वारा केयरटेकर के रूप में बहाल किया गया है और इस नाते दुकानदारों की तरक्की का खास ख्याल रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब दुकानदारों से ली जाने वाली अग्रिम राशि या मासिक किराया को लेकर विधिवत कागज तैयार किया जाएगा, कोई भी लेन-देन मौखिक नहीं होगा। कई दुकानदारों का व्यवसाय कम चलने के कारण उनका किराया कम किया गया है। इंद्र पूजा के बाद नए सिरे से दुकानदारों को जगह उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि सभी के व्यवसाय में तरक्की हो सके।



