
मुख्यमंत्री ने कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य में अमन व चैन और विकास की कामना की
मधुबनी- 06 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने एक दिवसीय दौरे पर मधुबनी पहुंचे। यहां उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान, सुरक्षा समीक्षा और निजी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। मधुबनी आगमन के बाद वे राजनगर स्थित राज पैलेस स्थित माँ कामाख्या मंदिर पहुँचे, तथा मिथिला की पारंपरिक एवं विधिवत रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने माँ कामाख्या की आरती उतारी और राज्य में अमन, चैन, शांति और तेजी से विकास की कामना की।
मंदिर से बाहर निकलते समय राष्ट्रीय संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित कलाकार महेंद्र राम ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से सम्मान किया।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एसएसबी कैंप पहुँचे, जहां भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी और सुरक्षा रणनीतियों की समीक्षा की। सुरक्षा बैठक समाप्त होने के बाद वे हेलीपैड से राजनगर प्रखंड के पिलखवार गांव के लिए रवाना हुए। वे भारत सरकार के गृह मंत्रालय में निजी सहायक शिवनाथ मिश्र के चाचा के श्राद्ध कर्म में शामिल हुए। निजी कार्यक्रम में भाग लेने के साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से भेंट-मुलाकात की और विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। शाम अपने सभी कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री पटना के लिए रवाना हो गए।
मौके पर मंत्री लेशी सिंह,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी,सांसद अशेक कुमार यादव,विधायक सूजित पासवान,विधान पार्षद धनश्याम ठाकुर, जिलाधिकारी आनंद शर्मा सहित बड़ी संख्या स्थानीय लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजुद थे।



