
LPG सिलेंडर बुकिंग नियम में बड़ा बदलाव, अब 25 दिन बाद होगी बुकिंग
नई दिल्ली- 07 सितंबर। घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में रिफिल बुकिंग का अंतराल 45 दिन से घटाकर 25 दिन कर दिया है। अब शहर और गांव दोनों जगह के उपभोक्ता पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद अगला सिलेंडर बुक कर सकेंगे। तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को नियम तत्काल लागू करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
केंद्रीय पेट्रोलियम राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि मध्य-पूर्व में तनाव के कारण सप्लाई पर दबाव के चलते पहले शहरी क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण में 45 दिन का गैप किया गया था। अब सप्लाई में सुधार और बैकलॉग कम होने के बाद सरकार ने ग्रामीण उपभोक्ताओं को भी राहत देते हुए दोनों जगह के लिए एक समान 25 दिन का नियम कर दिया है। इस फैसले से खासकर ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जहां ज्यादा खपत के कारण 45 दिन का इंतजार करना पड़ रहा था।



