
महिला आरक्षण विधेयक का गिरना मोदी सरकार के लिए झटका: महेश चन्द्र झा
मधुबनी- 18 अप्रैल। कांग्रेस पार्टी के वरीय नेता सह चुनावी रणनीतिकार महेश चन्द्र झा ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक का गिरना मोदी सरकार के लिए बडा झटका है। केन्द्र सरकार के पास संख्या होने के बाद भी देश के कई राज्यों की चुनावों के बीच महिला आरक्षण बिल को लाया गया।
चुनाव को लेकर बंगाल पहुंचे मधुबनी के महेश चन्द्र झा ने बताया कि मोदी सरकार बिल के जरिए पश्चिम बंगाल में महिलाओं के वोट अधिक संख्या में हासिल करना चाहती थी। अब भाजपा बिल पास नहीं होने का ठीकरा कांग्रेस व अन्य विपक्षी पार्टी पर फोड़ेगी कि विपक्ष ने महिलाओं के हक़ में काम नहीं करने दिया। हालांकि बंगाल सहित देश की जनता मोदी सरकार मंशा और मंसूबों को समझ गई है।
उन्होंने कहा कि कई राज्यों में चल रही चुनावी प्रक्रिया के बीच संसद का विशेष सत्र बुलाना मोदी सरकार की मंशा पर सवाल उठना लाजिमी हैं। चुनाव के बीच में भाजपा सिर्फ़ इसलिए बिल लाए थे कि चुनाव में कहा जा सके कि हम बंगाल की महिलाओं के लिए बहुत कुछ करना चाहते थे लेकिन विपक्ष ने हमें करने नहीं दिया। बीजेपी महिला आरक्षण विधेयक के जरिए महिलाओं को एक वोट वर्ग के रूप में साधना चाहती है।
उन्होंने कहा कि जब महिला आरक्षण विधेयक साल 2023 में ही पारित हो चुका है तो अब उसे परिसीमन के साथ जोड़कर लाने की क्या ज़रूरत थी। केन्द्र सरकार ने परिसीमन के साथ महिला विधेयक को भी टैग किया, इससे साफ है कि वह चुनाव के समय इसका राजनीतिक फायदा उठाना चाहती थी। विधेयक का गिरना सरकार के राजनीतिक एजेंडे के लिए झटका है। बता दे कि बंगाल पहुंचने पर बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभंकर सरकार ने महेश चन्द्र झा का स्वागत किया।



