
प्रशिक्षु IPS अधिकारियों को CM सम्राट ने दिए सुशासन और जनसेवा के मंत्र
पटना- 24 नवंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में 2025 बैच के प्रशिक्षु भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें सुशासन एवं जनसेवा के मंत्र दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बिहार की सामाजिक, भौगोलिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने तथा बेहतर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि बिहार की धरती की अपनी विशेषताएं हैं, इसलिए युवा अधिकारियों को यहां की परिस्थितियों को समझकर काम करना होगा। कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराध पर नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता से समाधान करें तथा जिलों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाएं।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के व्यापक उपयोग और युवा अधिकारियों से नए एवं रचनात्मक सुझाव देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारी तकनीक के माध्यम से पुलिसिंग को और अधिक पारदर्शी, तेज और जनता के अनुकूल बना सकते हैं।



