
BIHAR:- मधुबनी के सरिसवपाही में NIA की छापामारी से हड़कंप
मधुबनी – 25 नवंबर। मधुबनी में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की छापेमारी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। अब इस कार्रवाई को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि छापेमारी सरिसवपाही नवटोल, महादेव मंदिर के पास एक मौलाना के घर पर हुई है। छापेमारी की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, NIA की टीम मौलाना की पत्नी और पुत्र को साथ लेकर चली गई है। बताया जा रहा है कि टीम उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि उन्हें हिरासत में लिया गया है या सिर्फ पूछताछ के लिए ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि अब छापेमारी समाप्त हो गई है। लेकिन छापेमारी खत्म होने के बाद भी इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है। चाय की दुकानों से लेकर चौक-चौराहों तक सिर्फ इसी कार्रवाई की चर्चा हो रही है।
लोग जानना चाहते हैं कि आखिर किस मामले में यह छापेमारी हुई, टीम ने घर से क्या-क्या बरामद किया और आगे इसमें क्या कार्रवाई होगी।
इलाके में इस बात की भी चर्चा है कि इस कार्रवाई के बाद कई संदिग्ध व्यक्ति भी जांच एजेंसियों के रडार पर आ गए हैं।
फिलहाल NIA की ओर से इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसलिए कार्रवाई के पीछे का असली कारण और बरामदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
अब सबकी नजर NIA की आगे की कार्रवाई पर टिकी है। जानकारी के अनुसार पिछले साल भी इनके घर NIA की छापेमारी की कार्रवाई की गई थी।



