
कार्तिक पूर्णिमा पर मिथिला में गूंजे समा-चकेवा के गीत,भाइयों ने फोड़ा समा-चकेवा
मधुबनी- 24 नवंबर। मिथिला के लोकपर्व समा-चकेवा का कार्तिक पूर्णिमा को समापन हो गया। सुबह से ही गांव-गांव में बहनों ने समा-चकेवा की टोकरियां सजाईं और पारंपरिक गीतों के साथ विदाई की तैयारी की।
परंपरा के अनुसार आज बहनों ने समा-चकेवा को ससुराल विदा किया। विदाई से पहले नेहा, प्रिया ने अपने भाई प्रिंस को नई फसल का चूड़ा-दही, मिठाई खिलाया।
इसी प्रकार अन्य बहनों ने अपने भाइयों के साथ समा-चकेवा पर्व की रस्म अदा की। समापन की सबसे खास रस्म ठहुना पर समा-चकेवा फोड़ना रही। बहनों के गीत और विदाई के बाद भाइयों ने विधि-विधान के साथ समा-चकेवा के ठहुना पर फोड़ा। इस दौरान आंगन और खेतों में जमा लोगों ने समा-चकेवा के लोकगीत गाए।
इसके बाद मिट्टी से बनी समा, चकेवा, चुगला, वृंदावन और बटगामनी की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। विसर्जन भी बेटी की विदाई जैसी ही रस्मों के साथ हुआ।
विसर्जन से पहले बहनों ने चुगला की प्रतिमा की चोटी में आग लगाई और दीये की लौ से उसकी जीभ झुलसाने की प्रतीकात्मक रस्म निभाई।
लोक मान्यता है कि चुगली और झूठी अफवाह ने ही समा और चकेवा को अलग किया था। इसलिए हर साल चुगला को सजा देकर यह संदेश दिया जाता है कि भाई-बहन के रिश्ते में दरार डालने वाली बुराई का समाज में कोई स्थान नहीं है।
मान्यता के अनुसार समा भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री थीं। एक चुगलखोर की झूठी बात पर उन्हें पक्षी बनने का श्राप मिला था। भाई चकेवा के प्रेम और तप से समा को फिर से मनुष्य रूप मिला और चुगलखोर को सजा मिली। उसी प्रेम और सच्चाई की याद में मिथिला में यह पर्व मनाया जाता है।
आठ दिनों तक बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और रिश्ते में मिठास की कामना की। आज विसर्जन के साथ ही मिथिलांचल में समा-चकेवा की रौनक अगले साल के लिए विदा हो गई।



