
BIHAR:- मधुबनी की धरोहर पुलिस लाइन काली मंदिर वीरान, रंगरोगन तक नहीं, चमक पड़ गई फीकी
मधुबनी – 24 नवंबर। मधुबनी शहर के पुलिस लाइन स्थित ऐतिहासिक काली मंदिर उपेक्षा का शिकार है। लंबे समय से रंगरोगन नहीं होने के कारण मंदिर का बाहरी हिस्सा वीरान नजर आ रहा है। दीवारों पर पपड़ी उखड़ रही है, चमक फीकी पड़ गई है। रोज सुबह-शाम पूजा के लिए आने वाले श्रद्धालु मंदिर की इस हालत को देखकर दुखी हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि मधुबनी शहर के बीचों-बीच स्थित यह मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र है। नवरात्रि, काली पूजा और अन्य पर्वों पर यहां भारी भीड़ उमड़ती है। आसपास के मोहल्लों के लोग हर दिन यहां मत्था टेकते हैं।
इस मंदिर का निर्माण दरभंगा महाराज द्वारा कराया गया था। दरभंगा राज परिवार की परंपरा रही है कि महाराज जहां भी अपना महल बनवाते थे, वहां काली का मंदिर अवश्य स्थापित करते थे।
मधुबनी कभी दरभंगा राज का ही अभिन्न हिस्सा था। इसी परंपरा के तहत मधुबनी में भी राज परिसर और प्रशासनिक केंद्र के पास मां काली का यह मंदिर स्थापित किया गया। आज पुलिस लाइन परिसर में स्थित यह मंदिर उसी राजशाही विरासत की निशानी है।
राजनगर पैलेस में भी इसी परंपरा के तहत मां काली का भव्य मंदिर बनवाया गया था। मधुबनी का पुलिस लाइन काली मंदिर भी उसी आस्था और उसी परंपरा की कड़ी है।
कुछ माह पूर्व दरभंगा में कुमार कपिलेश्वर सिंह द्वारा कामेश्वरी श्यामा और रुद्रेश्वरी मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य किया गया। इससे पहले माधेश्वर परिसर स्थित लक्ष्मीश्वरी तारा मंदिर का जीर्णोद्धार भी किया गया था।
आरटीआई एक्टिविस्ट व सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी का कहना है कि जब दरभंगा में राज परिवार के मंदिरों का जीर्णोद्धार हो सकता है, तो मधुबनी पुलिस लाइन स्थित दरभंगा महाराज द्वारा निर्मित इस ऐतिहासिक काली मंदिर का भी जीर्णोद्धार क्यों नहीं हो सकता?
उन्होंने कामेश्वर सिंह धार्मिक न्यास ट्रस्ट से मांग की है कि काली मंदिर का जल्द से जल्द रंगरोगन और मरम्मत कराया जाए। मंदिर के इतिहास को दर्शाने वाला एक शिलापट्ट लगाया जाए। मंदिर को उसके पुराने वैभव में लौटाया जाए।
यह केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि मधुबनी की धरोहर है। इसकी उपेक्षा मिथिला की विरासत की उपेक्षा है। समय रहते अगर ध्यान नहीं दिया गया, तो यह ऐतिहासिक धरोहर धीरे-धीरे खंडहर में बदल जाएगी।



