
MADHUBANI: शहर के गंगासागर पोखर में कचरे का अंबार, छठ के बाद सफाई कराना भूल गया नगर निगम
मधुबनी – 25 नवंबर। छठ महापर्व समाप्त हुए हफ्तों बीत गए, लेकिन शहर के प्रसिद्ध गंगासागर पोखर की सफाई अब तक नहीं हो सकी है। पोखर का किनारा और पानी आज भी गंदगी से पटा हुआ है। छठ के दौरान लगाए गए पंडाल के बांस-बल्ली और लाल कपड़े अब भी वहीं पड़े हैं, जो नगर निगम की लापरवाही की पोल खोल रहे हैं।
पोखर के पानी में प्लास्टिक की थैलियां, पूजा की बची हुई सामग्री, केले के पत्ते, कपड़े और अन्य कचरा तैर रहा है। घाट के किनारे भी कचरे का अंबार लगा है। जगह-जगह बदबू उठ रही है।
छठ के समय यही गंगासागर पोखर श्रद्धा का केंद्र था। हजारों श्रद्धालुओं ने यहां अर्घ्य दिया था। उस समय पोखर की सफाई, रोशनी और व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे किए गए थे। लेकिन पर्व खत्म होते ही प्रशासन ने पोखर की ओर से मुंह मोड़ लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ के बाद पोखर की सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम की थी, लेकिन आज तक न तो पानी से कचरा निकाला गया और न ही घाट की सफाई हुई। पंडाल का सामान भी नहीं हटाया गया।
पोखर में जमा कचरा से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। आसपास के लोगों में डेंगू, मलेरिया और त्वचा रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है। सुबह टहलने आने वाले लोग भी गंदगी के कारण पोखर के पास से गुजरने से कतरा रहे हैं।
स्थानीय श्रद्धालुओं ने कहा कि गंगासागर पोखर सिर्फ एक पोखर नहीं, बल्कि शहर की आस्था और पहचान है। छठ के बाद इसे ऐसे ही छोड़ देना आस्था का अपमान है।
लोगों ने मांग की है कि नगर निगम अविलंब पोखर की सफाई कराए। पानी से प्लास्टिक और पूजा सामग्री निकलवाई जाए, घाट की धुलाई हो। पंडाल का बचा हुआ सामान हटाया जाए। लोगों का कहना है कि अगर जल्द सफाई नहीं हुई तो आसपास के पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचेगा।



