
मधुबनी में 25 नवंबर को होगा मानव समृद्धि संस्थान के कार्यालय का उद्घाटन
मधुबनी, 24 नवंबर। मानव समृद्धि संस्थान के कार्यालय का उद्घाटन कल बुधवार को शहर के पं. विनोदानंद कॉलोनी में होगा। संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष महेश चन्द्र झा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उद्घाटन के बाद संस्थान के सामाजिक कार्यों में तेजी आएगी। महेश चन्द्र झा के अनुसार, संस्थान का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों का समग्र विकास करना है।
इसके तहत संस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और युवा जागरूकता के क्षेत्र में काम करेगा। गरीब और मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई में मदद, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता भी संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि मानव समृद्धि संस्थान का उद्देश्य केवल कार्यालय खोलना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। हम चाहते हैं कि शिक्षा और संस्कार के साथ-साथ लोगों का आर्थिक और सामाजिक उत्थान भी हो। उद्घाटन कार्यक्रम में शहर के गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और संस्थान के सदस्य मौजूद रहेंगे।



