
MADHUBANI:- राहुल कुमार पूर्वे पर हमले में व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल DM-SSP से मिला, नामजदों की गिरफ्तारी की मांग
मधुबनी, 21 नवंबर। नगर थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक व्यापारी पर हुए कथित जानलेवा हमले को लेकर नगर व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने आवेदन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को DM और SSP ने सुना और मामले को गंभीरता से लेते हुए अविलंब कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बतादें कि नगर थाना कांड संख्या- 551/26, दिनांक 16/11/2026 में शिकायतकर्ता राहुल कुमार पूर्वे, निदेशक, पवन महारानी ऑटोमोबाइल प्रा. लि., मधुबनी (TVS) ने आरोप लगाया है कि 16 नवंबर को मधुबनी मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित अपने प्रतिष्ठान के पास नाला बनवाने से मना करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
शिकायत के अनुसार इस दौरान उनकी दाहिनी आंख में गंभीर चोट लगी। गले से दो तोले की सोने की चेन छीन ली गई। FIR में नामजद अभियुक्तों में मो. शौकत अली, मो. तमन्ना सहित अन्य का नाम दर्ज है।
नगर व्यापार मंडल, मधुबनी ने 20 नवंबर 2026 को SSP को दिए आवेदन में कहा है कि व्यापारी राहुल पूर्वे एवं उनके भाई पर हुआ हमला जानलेवा था।
मंडल की मुख्य मांगें हैं कांड संख्या 551/2026 में नामजद अभियुक्तों की अविलंब गिरफ्तारी हो, व्यापारियों में फैले भय के माहौल को दूर किया जाए, शहर में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
आवेदन में कहा गया है कि यदि गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापार संघ पूरे मधुबनी शहर में बंद का आह्वान और सड़क पर उतरकर चरणबद्ध आंदोलन कर सकता है।
व्यापार मंडल का कहना है कि उन्हें DM और SSP के आश्वासन पर भरोसा है, लेकिन जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में प्रह्लाद कुमार पूर्वे, हरि भूषण,अमरेन्द्र मंडल,पवन, राहुल कुमार, सौरभ चौरसिया,मो.ज़फ़ीर अहमद,कैलाश कुमार,राहुल जायसवाल,सुनील कुमार प्रसाद, सुरेश प्रसाद सहित अन्य शामिल थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में अनुसंधान जारी है।



