
मधुबनी में नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ शुरू, भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ
मधुबनी, 21 नवंबर। शहर के लहेरियागंज के गायत्री नगर में गायत्री शक्तिपीठ परिसर में नौ कुण्डीय नव चेतना जागरण गायत्री महायज्ञ सह संस्कार महोत्सव का आयोजन 23 नवंबर तक किया जा रहा है। गायत्री परिवार के तत्वावधान में प्रथम दिन भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई।
अध्यक्ष पूर्व जिला शिक्षा पदाधिकारी सत्येन्द्र नारायण कंठ, सचिव देवेन्द्र प्रसाद सिंह उर्फ मुन्ना चौधरी ने बताया कि भारतीय यज्ञीय परम्परा एवं उसके दैवीय लाभों को जन-जन तक पहुँचाना इस महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य है। मनुष्य में देवत्व का उदय एवं धरती पर स्वर्ग का अवतरण की परिकल्पना को साकार करने हेतु व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र में व्याप्त विकृतियों तथा मूढ़ मान्यताओं के निवारण एवं आध्यात्मिक मूल्यों के शिक्षण के लिए यह आयोजन किया जा रहा है।
कोषाध्यक्ष कैप्टन रामवृक्ष यादव, कार्यक्रम प्रभारी प्रो. विमल कुमार सिंह, मुख्य आचार्य धर्मेन्द्र शास्त्री ने बताया कि 22 नवंबर, रविवार को सुबह 08 बजे से देव पूजन सह हवन यज्ञ होगा। सायं 04 से 08 बजे तक प्रज्ञा पुराण कथा सह संगीतमय दीप महायज्ञ का आयोजन होगा।
व्यवस्थापक सुबोध शास्त्री ने बताया कि 23 नवंबर, सोमवार को प्रातः 08 बजे से देव पूजन, विभिन्न संस्कार, यज्ञ पूर्णाहुति सह टोली विदाई के साथ महोत्सव का समापन होगा। इस दौरान सभी संस्कार निःशुल्क सम्पन्न कराये जायेंगे। इनमें पुंसवन, नामकरण, अन्नप्राशन, विद्यारंभ, मुण्डन, यज्ञोपवीत, दीक्षा आदि संस्कार शामिल हैं।
कार्यक्रम में अरुण कुमार कर्ण, योगेंद्र साह, सुशील कुमार सिंह, सिघेश्वर साह, अमुल्य भारद्वाज, मीरा गामी, खुशबू कुमारी, रंजू देवी, सुनीता प्रसाद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे है।



