
MADHUBANI:- गारमेंट्स व्यवसायी की चाकू मारकर हत्या, दोस्त ही निकला हत्यारा, मौके से गिरफ्तार
मधुबनी, 24 नवंबर। नगर थाना क्षेत्र के मिथिला मार्केट में गारमेंट्स व्यवसायी की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 01 अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार घटना 24 नवंबर की संध्या करीब 03:30 बजे की है। नगर थाना को सूचना मिली कि गंगासागर टेलीफोन एक्सचेंज के समीप स्थित मिथिला मार्केट में मो. नईम की गारमेंट दुकान पर एक व्यक्ति ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया है।
इस हमले में मो. नईम, पिता- मो. नासिर, शेखटोली, मंगरौनी, थाना- राजनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज हेतु स्थानीय लोगों के सहयोग से अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर घेराबंदी की और चाकू से हमला करने वाले अभियुक्त मो. अबरार को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
अब तक के प्रारंभिक अनुसंधान एवं गिरफ्तार अभियुक्त से की गई पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि मृतक मो. नईम एवं गिरफ्तार अभियुक्त मो. अबरार दोनों एक ही गाँव मंगरौनी के निवासी हैं। आपस में मित्र बताए जा रहे हैं। बीती रात इन लोगों के बीच एक पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी एवं विवाद हुआ था।इसी रंजिश व बदले की भावना से अभियुक्त मो. अबरार ने मंगलवार शाम करीब मृतक की दुकान पर आकर उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
वर्तमान में गिरफ्तार अभियुक्त पुलिस अभिरक्षा में है और उससे गहन पूछताछ जारी है।
घटनास्थल का निरीक्षण अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 द्वारा किया गया है एवं FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा सभी अपेक्षित बिंदुओं पर जांच करते हुए मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।



