
BIHAR:- फर्जी जमाबंदी मामले में बड़ी कार्रवाई, रतनी फरीदपुर की अंचल अधिकारी नुजहत निलंबित
पटना – 24 नवंबर। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जहानाबाद जिले के रतनी फरीदपुर की अंचल अधिकारी नुजहत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में विभाग ने संकल्प ज्ञापांक-15/आरोप (जहानाबाद) जारी कर दिया है।
समाहर्ता, जहानाबाद के पत्र के माध्यम से नुजहत के विरुद्ध गंभीर आरोपों के लिए आरोप पत्र गठित कर विभाग को उपलब्ध कराया गया था। संकल्प के अनुसार, अंचल अधिकारी पर ये गंभीर आरोप हैं कि अवैध रूप से जमाबंदी सृजित करने, पूर्व से जमाबंदी कायम नहीं रहने के बावजूद डायरेक्ट नई जमाबंदी खोलने, दाखिल खारिज के आवेदन सं0-399/2025-26 को एक बार अस्वीकृत करने के बाद पुनः उसी दस्तावेज पर स्वीकृत करने डिमांड पंजी में रकबा का अवैध रूप से संशोधन करने जैसे गंभीर आरोपों को देखते हुए अनुशासनिक प्राधिकार द्वारा उन्हें निलंबित करने का निर्णय लिया गया।
संकल्प के अनुसार नुजहत को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9 (1) के प्रावधानों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
निलंबन अवधि के लिए उनका मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, मगध प्रमंडल, गया निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता देय होगा। उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई के लिए अलग से संकल्प निर्गत किया जाएगा। यह आदेश बिहार राज्यपाल के आदेश से अपर सचिव (डॉ० महेन्द्र पाल) के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।



