
बिहार में बनेगा AI आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर, 200 युवाओं को मिलेगा हाई-स्किल रोजगार
पटना – 24 नवंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सूचना प्रावैधिकी विभाग और AI कंपनी टाइगर एनालिटिक्स इंडिया कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस MoU के तहत बिहार में AI एवं मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 तक इस ग्लोबल डिलीवरी सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव है, जिसके माध्यम से लगभग 200 उच्च कौशल वाले रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार को आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के साथ-साथ राज्य के युवाओं को नई तकनीकी संभावनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही मंच, आधुनिक तकनीक और वैश्विक अवसरों से जोड़ने की। यह ग्लोबल डिलीवरी सेंटर उसी दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
इस अवसर पर मंत्री नीतीश मिश्रा सहित सूचना प्रावैधिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और टाइगर एनालिटिक्स कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद थे।



