
BHAGALPUR:- सुल्तानगंज नगर परिषद में हुई गोलीबारी में कार्यपालक पदाधिकारी की मौत, नगर सभापति की हालत नाज़ुक
भागलपुर- 28 अप्रैल। जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद में बेखौफ अपराधियों ने मंगलवार को दिनदहाड़े गोलीबारी कर दी। इस घटना में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद की मौके पर मौत हो गई, जबकि नगर सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने नगर परिषद में घुसकर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद को गोली लग गई। गंभीर चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सभापति राजकुमार गुड्डू को भी गोली लगी है। गोलीबारी की घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सभापति को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



