
मदरसे के कार्यक्रम के निमंत्रणपत्र में नाम छापने पर संत ने जताया विरोध
हरिद्वार- 03 जून। मदरसे में आयोजित कार्यक्रम में निमंत्रण पत्र पर बिना अनुमति के नाम छापने को लेकर हरिद्वार के एक महामंडलेश्वर संत ने विरोध जताया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के महामंडलेश्वर एवं श्री प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम के पीठाधीश्वर महंत रूपेंद्र प्रकाश महाराज ने उनसे बिना अनुमति लिए कार्ड पर नाम छापने को लेकर विरोध जताया है।
थाना झबरेड़ा के लाठ्ठरदेवा निवासी कारी शमीम द्वारा मदरसा दारुस्सलाम में आगामी 5 जून को मानवता का संदेश नामक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसके निमंत्रण पत्र में विशिष्ट अतिथि के तौर पर महंत रूपेंद्र प्रकाश महाराज का नाम छाप दिया। लेकिन महाराज की अनुमति नहीं ली। इसकी जानकारी मिलते ही महाराज ने खासी नाराजगी जाहिर करते हुए झबरेड़ा थाने में तहरीर देकर आयोजन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आयोजकों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। रूपेंद्र प्रकाश महाराज ने कहा कि उन्होंने डीजीपी और एसएसपी से भी बात की है। उन्होंने भी आयोजन की जानकारी से इंकार किया है। निमंत्रण पत्र में उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक सहित हरिद्वार के जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का भी नाम छापा गया है।
थाने में शिकायत आने के बाद आयोजक कारी शमीम का कहना है कि उन्होंने अतिथियों की अनुमति न मिलने के कारण कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है।



