ताज़ा ख़बरें

मधुबनी नगर निगम में नल-जल के नाम पर 11 लाख का खेल: दो सरकारी पत्रों ने खोला भ्रष्टाचार का राज

रहिका प्रखंड बोला- NOC है ही नहीं, नगर निगम बोला- निजी जमीन पर है बोरिंग, फिर भी निकल गए पैसे, शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी और नगर विकास विभाग से इस पूरे मामले की विजिलेंस जांच कराने, दोषी अधिकारियों और संवेदक पर FIR दर्ज कर 11 लाख रुपये की वसूली की मांग की है

मधुबनी- 13 अक्टूबर। मधुबनी नगर निगम के वार्ड संख्या 03 में नल-जल योजना में सुशासन के दावों की पोल खोलता सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कागजों में न तो जमीन है, न जमीन मालिक की इजाजत, फिर भी सरकारी तिजोरी से लगभग 11 लाख रुपये निकाल लिए गए।

वार्ड निवासी प्रेम कुमार यादव द्वारा सहयोग शिविर पोर्टल पर की गई शिकायत के बाद जो दो सरकारी पत्र सामने आए हैं, उन्होंने पूरे सिस्टम की मिलीभगत को बेनकाब कर दिया है।

पहला सबूत- प्रखंड का पत्र: रहिका प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट लिखा है कि पंचायत सचिव द्वारा जांच में पाया गया कि योजना से संबंधित अभिलेख में NOC या भूमि से संबंधित कोई दस्तावेज संलग्न नहीं है। जमीनदाता ने भी NOC नहीं दिया है।

दूसरा सबूत – नगर निगम का पत्र: वहीं नगर निगम के कनीय अभियंता ने नगर आयुक्त को भेजे पत्र में स्वीकार किया है कि उक्त योजना निजी जमीन पर है, जिसका NOC प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा नगर निगम को उपलब्ध नहीं कराया गया है। इसी पत्र में एक और बड़ा खुलासा हुआ है कि निजी जमीन होने के कारण वार्ड सं. 03 में किसी को भी नल-जल कनेक्शन नहीं हो पाया था।

जिस योजना से 250 घरों को पानी मिलना था, वह सिर्फ कागजों पर दौड़ रही थी और लोग बूंद-बूंद को तरस रहे थे। पत्र में लिखा है कि बाद में किसी दूसरी योजना से 250 घरों को कनेक्शन दिया गया, लेकिन सवाल ये है कि पहली योजना का 11 लाख रुपया कहाँ गया?

सबसे बड़ा सवाल: निविदा संख्या 03/2025-26 के तहत इस विवादित बोरिंग के नाम पर 11 लाख की निकासी कैसे कर ली गई? जब जमीन ही निजी और विवादित है, तो सरकारी पैसा निजी जमीन पर कैसे लगा? और बिना NOC के भुगतान कैसे पास हो गया? यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि सरकारी धन के गबन का सीधा मामला है।

शिकायतकर्ता प्रेम यादव ने जिलाधिकारी और नगर विकास विभाग से इस पूरे मामले की विजिलेंस जांच कराने, दोषी अधिकारियों और संवेदक पर FIR दर्ज कर 11 लाख रुपये की वसूली की मांग की है।

रिपोर्ट:- कपलेश्वर साह

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!