
MADHUBANI:- भूपट्टी में आयुष्यमया हॉस्पिटल का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा
मधुबनी- 15 अक्टूबर। बाबूबरही प्रखंड क्षेत्र के भूपट्टी बाजार में गुरुवार को खुटौना-राजनगर मुख्य मार्ग के किनारे आयुष्यमया हॉस्पिटल का उद्घाटन किया गया। बिहार संस्कृत बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष एवं विधान पार्षद डॉ. भारती मेहता ने फीता काटकर अस्पताल का शुभारंभ किया। अस्पताल खुलने से भूपट्टी बाजार सहित आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
मौके पर प्रसिद्ध चिकित्सक जितेन्द्र ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में अस्ताल खुलने से लोगों को काफी सुविधा होगी। उन्होने आयुष्यमया हॉस्पिटल के प्रबंधक को शुभकामना दी।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता जमील अख्तर ने की, जबकि मंच संचालन लक्ष्मी पासवान ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. भारती मेहता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पतालों की स्थापना जरूरी है। इससे स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य है।
अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर रोशन कुमार झा एवं तारकेश्वर सिंह ने समारोह में उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अस्पताल के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला पार्षद रणधीर खन्ना,सहित कई गणमान्य व्यक्ति, चिकित्सक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने अस्पताल के संचालन और क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर उम्मीद जताई। धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।



