
MADHUBANI:- भारत-नेपाल सीमा पर 40.095 लीटर शराब बरामद, 1 गिरफ्तार
मधुबनी, 14 अक्टूबर। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर की एफ समवाय, मुख्यालय कमला की विशेष गश्ती पार्टी ने 40.095 लीटर नेपाली एवं अंग्रेजी शराब बरामद की। इस कार्रवाई के दौरान एक भारतीय व्यक्ति को पकड़ा गया, जबकि मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
एसएसबी समवाय मुख्यालय कमला की विशेष गश्ती पार्टी द्वारा इस्लामपुर गांव के निकट कमला पुल के पास, अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या-270/08 से लगभग 900 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान बाईक पर सवार दो व्यक्ति नेपाल की ओर से भारतीय क्षेत्र में आते दिखाई दिए। गश्ती पार्टी को देखकर मोटरसाइकिल चालक ने वाहन तेजी से मोड़कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान पीछे बैठा व्यक्ति सामान सहित नीचे गिर गया, जिसे गश्ती पार्टी ने पकड़ लिया, जबकि मोटरसाइकिल चालक तेज गति से फरार हो गया। मोटरसाइकिल चालक को पकड़ने के प्रयास में गश्ती दल के एक कार्मिक को मामूली चोटें भी आईं। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के पास मौजूद काले एवं नीले रंग के दो बैग तथा एक बोरी की तलाशी लेने पर विभिन्न प्रकार की नेपाली देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान मधुबनी के जयनगर थाना के क्षेत्र कुआढ़ गांव निवासी 26 वर्षोंय सूरज कुमार साह के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, शराब नेपाल के मरार स्थित शराब की दुकान से खरीदी गई थी तथा इसे बिहार के मधुबनी जिले के नरार ट्रेनिंग चौक निवासी अमित कुमार सिंह को पहुंचाया जाना था।बरामद शराब एवं गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु जयनगर थाना को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है। ईधर कमांडेंट, 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब की तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बल द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।



