
BIHAR:- किशनगंज में स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, एक करोड़ की ड्रग्स बरामद
किशनगंज- 15 अक्टूबर। पुलिस ने खगड़ा पासवान टोला में छापेमारी कर कथित तस्कर उमर फारूक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 434.10 ग्राम स्मैक (हेरोइन जैसा पदार्थ), 85,990 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और दो डिजिटल वजन मशीन बरामद की गई हैं। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये आंका है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि किशनगंज थाना क्षेत्र के खगड़ा स्थित पासवान टोला में उमर फारूक अपने मकान में अवैध मादक पदार्थ रखकर खरीद-बिक्री कर रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएनटीएफ, जिला आसूचना इकाई, विशेष कार्य बल और किशनगंज थाना की पुलिस शामिल थी। टीम ने आरोपी के मकान की विधिवत तलाशी ली और यह बरामदगी की।
गिरफ्तार उमर फारूक खगड़ा, पासवान टोला, वार्ड संख्या-32 का निवासी है। उसका स्थायी पता पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुशमुंडी थाना क्षेत्र में बताया गया है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकारी है। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों का पता लगा रही है।
आरोपी के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े आगे-पीछे के लोगों की पहचान की जा सके। साथ ही ड्रग्स तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।



