
VIP पर कार्रवाई नहीं, पीड़ित परिवार सड़क पर, अंकिता भंडारी मामले में राहुल गांधी का BJP पर निशाना
नई दिल्ली- 14 अक्टूबर। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में चार साल बाद भी परिवार को न्याय नहीं मिल पाया है। बेटी के लिए इंसाफ की मांग को लेकर अंकिता के माता-पिता अपने घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर दिल्ली के इंडिया गेट पर धरने पर बैठे हैं।

इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बयान जारी कर परिवार का समर्थन किया है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि इस पूरे मामले में एक कथित VIP को बचाया जा रहा है और उसे संरक्षण देकर संवैधानिक पदों से नवाजा गया है।
राहुल गांधी ने कहा कि जहां अपराधियों का फूल-मालाओं से स्वागत होता हो और उन्हें सत्ता का संरक्षण मिलता हो, वहां महिला सुरक्षा की उम्मीद करना बेमानी है। आज अंकिता के माता-पिता न्याय के लिए इंडिया गेट पर बैठे हैं। मैं और पूरी कांग्रेस पार्टी उनके दुख में और इंसाफ की इस लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं।”

गौरतलब है कि 2022 में हुई अंकिता भंडारी की हत्या के मामले ने पूरे देश में आक्रोश पैदा किया था। परिजन शुरू से ही इस मामले में एक VIP की भूमिका की जांच की मांग कर रहे हैं।



