
BIHAR:- जिला अस्पतालों में मजबूत होंगी स्वास्थ्य सुविधाएं, 37 करोड़ के 1,947 उपकरण लगाए जा रहे
- पटना, 15 अक्टूबर। बिहार सरकार जिला अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, सर्जरी सेवाओं के विस्तार और विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती पर विशेष जोर दे रही है। इसी क्रम में राज्य के जिला अस्पतालों में करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से 1,947 चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से 950 से अधिक उपकरण लगाए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने यह जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जिला अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटरों की आवश्यकताओं का आकलन करने के बाद कुल 1,947 उपकरण इकाइयों की जरूरत चिह्नित की गई थी। इसके लिए बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) को अधियाचना भेजी गई थी। अब इन उपकरणों को विभिन्न जिला अस्पतालों में स्थापित किया जा रहा है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य अस्पतालों की सर्जरी क्षमता बढ़ाना है, ताकि मरीजों को ऑपरेशन के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम हो और उन्हें अपने जिले में ही इलाज मिल सके।
किस विभाग में कितने उपकरण –
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार-
-सामान्य सर्जरी OT के लिए – 529 इकाइयां।
-ऑर्थोपेडिक OT के लिए – 772 इकाइयां।
-प्रसूति OT के लिए – 502 इकाइयां।
-लेबर रूम के लिए – 144 इकाइयां।
कुल 50 प्रकार के चिकित्सा उपकरणों की 1,947 इकाइयां चिह्नित की गई हैं।
जिला अस्पतालों में गहन चिकित्सा सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में यहां 190 ICU बेड और 120 वेंटिलेटर बेड कार्यरत हैं। सभी जिला अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध हैं। साथ ही ट्रायज व्यवस्था भी लागू की गई है।
इसके अलावा 76 प्रकार की सर्जरी सेवाएं उपलब्ध कराने, जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की दिशा में काम चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा, सरकार का लक्ष्य बिहार के लोगों को इलाज के लिए अनावश्यक रूप से दूर जाने से बचाना है। जिला अस्पतालों में आधुनिक उपकरण, सक्षम टीम और जरूरी सर्जरी सुविधाएं बढ़ने से मरीजों को अपने ही जिले में उपचार मिलेगा। इससे मरीजों और परिजनों की परेशानी और यात्रा व इलाज पर अतिरिक्त खर्च कम होगा।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों को सुदृढ़ करने की यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



