भुवनेश्वर- 19 जनवरी। ओडिशा के में चल रहे पुरुष हॉकी विश्व कप में भारत ने अपने तीसरे मुकाबले में जीत दर्ज की है। गुरुवार को खेले गए ग्रुप डी में भारतीय टीम ने वेल्स को 4-2 से हरा दिया है। इस जीत के साथ भारतीय टीम अंक तालिका में दूसरे पायदान रही। अब वह क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए क्रॉस ओवर मैच खेलेगा, जहां उसका मुकाबला 22 जनवरी को न्यूजीलैंड टीम से होगा।
दरअसल, इस मुकाबले में जीत के साथ भारतीय टीम के सात अंक हो गए और शीर्ष पर काबिज इंग्लैंड के भी सात अंक हैं, लेकिन गोल अंतर में भारतीय टीम पीछे रह गई। इंग्लैंड ने भारत के मुकाबले ज्यादा गोल किए और वह सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। वहीं भारत क्वार्टर फाइनल में नहीं पहुंच पाया। क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय टीम क्रॉस ओवर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 अगस्त को भिड़ेगा।
बात करें इस मुकाबले की तो दोनों टीमों के बीच मैच के पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम के लिए शमशेर सिंह ने 21वें मिनट पहला गोल किया। हॉफटाइम के बाद भारतीय टीम 1-0 से आगे रही।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने एक और गोल किया। आकाशदीप सिंह ने 32वें मिनट पर बेहतरीन गोल दागा। इसके बाद वेल्स ने मैच में शानदार वापसी की। वेल्स के लिए फर्लांग गैरेथ ने 42वें और ड्रैपर जैकब ने 44वें मिनट में गोल कर स्कोर बराबर कर दिया।
चौथे क्वार्टर में शुरू से ही भारतीय टीम ने आक्रामकता दिखाई। आकाशदीप सिंह ने 45वें मिनट में एक और गोल किया। इसके बाद हरमनप्रीत सिंह ने 59वें मिनट में गोल कर भारत का स्कोर 4-2 कर दिया। इसी के साथ भारत ने यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
