शिमला- 20 जनवरी। जस्टिस सबीना को एक बार फिर हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का कार्यवाहक चीफ जस्टिस बनाया गया है। केंद्रीय विधि मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति की घोषणा की है।
शुक्रवार को विधि मंत्रालय के न्याय विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया कि वह हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस अमजद अहतेशाम सैयद की सेवानिवृति के बाद 21 जनवरी को कार्यभार संभालेंगी। इससे पहले सबीना हिमाचल प्रदेश की हाई कोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस के तौर पर 25 मई 2022 से 22 जून 2022 तक कार्य कर चुकीं हैं।
उल्लेखनीय है कि जस्टिस सबीना हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट की सीनियर जज हैं। उनका जन्म 20 अप्रैल 1961 को हुआ था। वर्ष 1986 में इन्हें सर्वसम्मति से उन्हें पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव पद पर चुना गया। इसके बाद 21 जनवरी 1997 को अतिरिक्त जिला जज के रूप में इनका चयन हुआ। सितंबर 2004 में सत्र न्यायाधीश बने और 12 मार्च 2008 को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के अतिरिक्त जज और 23 फरवरी 2010 को स्थायी जज के रूप में पदोन्नत हुई। इसके बाद हिमाचल हाई कोर्ट में इनका तबादला हुआ। 11 अप्रैल 2016 को इन्हें राजस्थान हाई कोर्ट के लिए स्थानांतरित किया गया था। 8 अक्टूबर 2021 को इन्हें हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के लिए स्थानांतरित किया गया था।
