
पाकिस्तान में होगा यूएस-ईरान वार्ता का दूसरा दौर, ट्रम्प ने दी सख्त चेतावनी
वॉशिंगटन/इस्लामाबाद- 19 अप्रैल। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता का दूसरा दौर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल बातचीत के लिए कल शाम तक वहां पहुंच जाएगा।
हालांकि, इस कूटनीतिक पहल के साथ ही ट्रंप ने ईरान को लेकर कड़ा रुख भी अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अमेरिका एक “उचित और संतुलित समझौता” पेश कर रहा है और उम्मीद है कि ईरान इसे स्वीकार करेगा। लेकिन यदि ऐसा नहीं हुआ, तो अमेरिका कठोर कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईरान समझौते को ठुकराता है, तो अमेरिका उसके बुनियादी ढांचे को निशाना बना सकता है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी स्थिति में ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों को नष्ट करने की कार्रवाई की जा सकती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी आरोप लगाया कि ईरान ने हाल ही में युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमलों के जरिए। उनके मुताबिक, इन घटनाओं ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है और वैश्विक समुद्री व्यापार पर भी असर डाला है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि कई जहाज अमेरिका की ओर बढ़ रहे हैं, जो तेल लोड करने की तैयारी में हैं। उनका दावा है कि यह स्थिति ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि इस्लामाबाद में होने वाली बातचीत से क्या कोई ठोस समाधान निकल पाता है या नहीं।



