
मधुबनी जिले में 08 अक्टूबर तक चलेगा पोषण माह अभियान; हर आंगनबाड़ी केंद्र बनेगा पोषण जागरूकता का केंद्र
मधुबनी – 17 सितंबर। जिले में एक माह तक चलने वाला पोषण माह अभियान 08 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। पोषण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने, कुपोषण की रोकथाम तथा बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के उद्देश्य से जिले में व्यापक स्तर पर गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में टीम का गठन कर निर्धारित कार्ययोजना एवं कैलेंडर के अनुरूप ससमय कार्य संपादित करने का सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यह सामुदायिक सहभागिता से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है, जिसमें परिवार एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
पांच प्रमुख विषयों पर केंद्रित गतिविधियां—
पोषण माह के दौरान मुख्य रूप से पांच विषयों पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन,आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य हेतु नकद अंतरण। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर कम-से-कम पांच गतिविधियों के आयोजन का निर्देश दिया गया है।
जनभागीदारी पर विशेष जोर—
पोषण माह का उद्देश्य पोषण को जन-आंदोलन बनाना है। इसके लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, जीविका समूहों तथा संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
टीम गठित, मॉनिटरिंग के निर्देश—
जिला स्तर पर अधिकारियों की टीम गठित की गई है। जिलाधिकारी ने सभी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग, दैनिक प्रतिवेदन और विभागीय पोषण ट्रैकर पोर्टल पर समय-सीमा में प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि इसका प्रत्यक्ष लाभ लक्षित वर्ग तक पहुंचे।



