
देश को गुमराह कर रहे हैं पीएम मोदी, खुली बहस की चुनौती: राहुल गांधी
नई दिल्ली- 02 नवंबर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया और इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी।
राहुल ने प्रधानमंत्री के भाषण से जुड़ा समाचार साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर झूठ बोलना बंद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं विदेशी सहायता से पद पर पहुंचे हैं और उनकी पार्टी से जुड़े वित्तीय तंत्र को विदेशों से नियंत्रित किया जाता है।
राहुल ने कहा, “मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए। आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं, आप उससे डरते हैं।”
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को कहा था कि अफवाहें फैलाने और भारत की छवि धूमिल करने के लिए सोशल मीडिया का दुरुपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इसका मुकाबला करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। भले ही दूरदराज के इलाकों से नक्सलवाद को खत्म कर दिया गया है, लेकिन ‘दिमागी नक्सलवाद’ का खतरा अभी भी बना हुआ है। देश को इन दिमागी नक्सलियों के खिलाफ सतर्क रहना चाहिए।



