
रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली: राहुल गांधी बोले- CEC ज्ञानेश कुमार हटेंगे, जेल जाएंगे; 2024 का चुनाव अवैध
नई दिल्ली- 01 नवंबर। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को विपक्षी INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली हुई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि देश को सही रास्ते पर लाने के लिए सबसे पहला कदम ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना है। उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव अवैध था और मतदाताओं के नाम काटे गए।

मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च—
रैली से पहले विपक्षी नेताओं ने मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला। इसमें कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत कई नेता शामिल हुए। खुले वाहन में पहुंचे नेताओं का मैदान में स्वागत हुआ। मंच से आइसा की नेहा बोरा के अलावा खरगे, अखिलेश, फारूक अब्दुल्ला, ममता बनर्जी, महबूबा मुफ्ती के बाद राहुल गांधी ने संबोधन किया।
राहुल गांधी ने क्या कहा-
राहुल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार मुख्य निर्वाचन आयुक्त पद से हटेंगे और उन्हें जेल जाना पड़ेगा। यह सामान्य चोरी नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के वोट और आवाज की चोरी है। चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी से लोकतंत्र प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि अमित शाह कहते हैं कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे, लेकिन उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी। विपक्ष हिंसा और नफरत में विश्वास नहीं करता, उसका उद्देश्य मोहब्बत और भाईचारे को बढ़ावा देना है। हर भारतीय की आवाज जरूरी है और यह प्रदर्शन लोकतंत्र बचाने की आवाज है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा किया जा रहा है, जिसका असर किसानों, युवाओं और आम नागरिकों पर पड़ रहा है। किसान को मेहनत का फल और 18 घंटे पढ़ने वाले छात्र को शिक्षा और रोजगार मिलना चाहिए।
खरगे बोले- मोदी-शाह ज्ञानेश कुमार को बचा रहे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर रहे हैं और ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश में जनता ने सरकारें नहीं चुनीं, बल्कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी से सरकारें बनीं। लोकतंत्र बचाने के लिए मोदी को हटाना जरूरी है।
अखिलेश बोले – रामलीला मैदान आज लोकतंत्र की हल्दीघाटी
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि रामलीला मैदान आज लोकतंत्र की हल्दीघाटी बन गया है। उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग वहां आए थे, उन्हें अब बाहर जाना पड़ेगा। 2027 में भाजपा और सहयोगियों की ऐसी विदाई होगी कि वे दोबारा नहीं लौटेंगे।
तेजस्वी बोले- यहां वोट चोरी के खिलाफ महाभारत हो रहा
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि आमतौर पर रामलीला मैदान में रामायण का मंचन होता है, लेकिन आज यहां वोट चोरी के खिलाफ महाभारत हो रहा है। उन्होंने CEC को प्रधानमंत्री की कठपुतली बताया। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि यदि लोग नहीं जागे तो लोकतंत्र और संविधान कमजोर हो जाएंगे।
शशि थरूर का दावा – 13 करोड़ नाम हटे
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ नाम हटाए गए हैं। CEC पर लोगों का भरोसा खत्म हो गया है और हर नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा होनी चाहिए। कुमारी सैलजा ने कहा कि विपक्ष ने सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लिया है।

रैली की तीन मुख्य मांगें-
विपक्ष ने मंच से तीन मांगें रखीं- 1. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा या उन्हें पद से हटाना, 2. विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पर तत्काल रोक, 3. EVM की जगह बैलेट पेपर की वापसी।

रैली में कर्नाटक से आए कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची की कई मीटर लंबी प्रतियां लेकर पहुंचे, जिनके बारे में दावा किया गया कि SIR के दौरान उनके नाम हटा दिए गए हैं।



