
BIHAR:- सहरसा नगर निगम में 8.44 करोड़ की गड़बड़ी, नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा दोषी करार, निलंबित
पटना, 03 नवंबर। बिहार सरकार ने सहरसा नगर निगम में 8 करोड़ 44 लाख रुपये की चार बड़ी योजनाओं में गड़बड़ी के आरोप में बड़ी कार्रवाई की है। सामान्य प्रशासन विभाग ने संकल्प संख्या-27 आरोप जारी करते हुए बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रभात कुमार झा नगर आयुक्त, सहरसा को निलंबित कर दिया है।
संकल्प के अनुसार, प्रभात कुमार झा पर आरोप है कि नगर निगम की 4 बड़ी परियोजनाओं को टेंडर प्रक्रिया से बचने के लिए 68 छोटी-छोटी योजनाओं में बांटकर काम करवा दिया गया, ताकि टेंडर की प्रक्रिया से बचा जा सके। कुल राशि 8 करोड़ 44 लाख रुपये बताई गई है।
मामले की जांच के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग की 5 सदस्यीय समिति गठित की गई थी। समिति ने जांच प्रतिवेदन समर्पित किया, जिसमें प्रभात कुमार झा को दोषी बताया गया।उनके विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की गई।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, मगध प्रमंडल, गया निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियम-10 के तहत जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
यह आदेश बिहार के राज्यपाल के आदेश से सरकार के अवर सचिव के हस्ताक्षर से जारी किया गया है, जिसकी प्रति बिहार राजपत्र के अगले अंक में प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया है।



