
मधुबनी:- SSB के आईजी निशीत कुमार उज्ज्वल ने किया भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण, जवानों का बढ़ाया हौसला
मधुबनी- 27 अक्टूबर। सशस्त्र सीमा बल के सीमांत मुख्यालय पटना के महानिरीक्षक निशीत कुमार उज्ज्वल (IPS) ने दो दिवसीय दौरे पर अग्रगामी 48वीं वाहिनी जयनगर के सीमावर्ती क्षेत्रों और वाहिनी मुख्यालय का निरीक्षण किया।
26 अक्टूबर को आईजी ने सीमा चौकियों कमला, बेतौन्हा और देवधा का निरीक्षण कर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा प्रबंधों और गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों से उनकी समस्याओं और चुनौतियों पर बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल (APF) और बिहार पुलिस के साथ समन्वय बैठक भी की, जिसमें अवैध गतिविधियों की रोकथाम और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
27 अक्टूबर को वाहिनी मुख्यालय जयनगर पहुंचने पर कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने उनका स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। आईजी ने जवानों के बैरक, मेस और आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया और जवानों को सतर्कता व समर्पण के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रोत्साहित किया।



