
MADHUBANI: बाबूबरही थाने का हत्यारा, ₹25 हजार का इनामी A.S.I. चंद्रमोहन सिंह फरार, SSP ने फोटो किया जारी
*”बाबूबरही में अवैध संबंध के आरोप में घिरे ASI ने चलाई गोली, एक की मौत, तीन घायल – एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण”*
मधुबनी, 03 नवंबर। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में पुलिस पिकेट पर प्रतिनियुक्त ASI चंद्रमोहन सिंह पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी ASI फरार है। उसे पकड़ने के लिए दो स्पेशल टीम गठित की गई है। ASI को सस्पेंड कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
एसएसपी के अनुसार, फरार ASI का गांव बलिराजगढ़ की ही एक महिला के साथ अवैध संबंध था। वह सामान लेने के बहाने लगातार उसके घर जाता था। बीती रात ग्रामीणों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और घर के अंदर बंद कर दिया। खुद को घिरा देख ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल से 3-4 राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग में 4 लोगों को गोली लगी। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और चारों को अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान 50 वर्षीय अशोक यादव की मौत हो गई। तीन अन्य घायल हैं – एक को पैर में, एक को कमर में और एक को गर्दन के पास गोली लगी है, जिनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एसएसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पूरी टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचे, घायलों और परिजनों से मिले और डॉक्टरों से बात की। इसके बाद घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। फिलहाल इलाके में फोर्स तैनात है और विधि-व्यवस्था सामान्य है।



