MADHUBANI: बाबूबरही में अवैध संबंध के आरोप में घिरे ASI ने चलाई गोली, एक की मौत, तीन जख्मी, SSP ने कहा- आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर स्पीडी ट्रायल चलाकर होगी कार्रवाई
मधुबनी, 03 नवंबर। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में बीती रात करीब 1 बजे एक दुखद घटना सामने आई है। एसएसपी ने खुद इस घटना की जानकारी दी है।
एसएसपी के अनुसार, बलिराजगढ़ में एक पुलिस पिकेट है, जहां एक एएसआई प्रतिनियुक्त था। उक्त एएसआई का बगल के गांव बलिराजगढ़ की ही एक महिला के साथ अवैध संबंध था। वह लगातार उसके घर सामान लेने के बहाने जाता था। बीती रात ग्रामीणों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और घर के अंदर बंद कर दिया।
खुद को चारों तरफ से घिरा देख एएसआई ने अपनी सर्विस पिस्टल से 3-4 राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में 4 लोगों को गोली लगी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान 50 वर्षीय अशोक यादव की मौत हो गई। तीन अन्य घायल जिनमें एक को पैर में, एक को कमर में और एक को गर्दन के पास गोली लगी है, उनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एसएसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पूरी टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचे, घायलों और उनके परिजनों से मिले। डॉक्टरों से बात की। इसके बाद घटनास्थल का भी निरीक्षण किया गया। पूरे इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है। विधि-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।
आरोपी एएसआई फिलहाल फरार है, उसे पकड़ने के लिए दो स्पेशल टीम गठित की गई है। उसके खिलाफ सस्पेंड करने के साथ-साथ हत्या का मुकदमा दर्ज कर स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।



