
श्रद्धाभाव से हुआ खरना अनुष्ठान, रविवार को डूबते सूर्य को होगा अर्घ्य अर्पण
मधुबनी, 14 नवंबर। चार दिवसीय सूर्योपासना का महापर्व चैती छठ पूजा के लिए 14 नवंबर को खरना अनुष्ठान श्रद्धाभाव से संपन्न हुआ। भक्तिमय माहौल में अकशपुरा की शुभकला देवी और विकास कुमार झा सहित बड़ी संख्या में व्रतियों ने घरों में खरना का प्रसाद तैयार कर भगवान को भोग लगाया। 15 नवंबर को डूबते सूर्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पण किया जाएगा।

इधर, छठ पूजा संबंधी सामग्री की खरीदारी शनिवार दिनभर चलती रही। फल बाजार में केला की कीमत में उछाल देखी गई। सेब, नारंगी के मूल्य में भी इजाफा देखा गया। बाजार में नारियल, मूली सहित अन्य पूजा सामग्री की खरीदारी लोगों ने की। पं. ऋषिनाथ झा ने बताया कि आस्था का प्रतीक छठ पूजा में स्वच्छता और पवित्रता का खास ख्याल रखा जाता है। स्वच्छता में ईश्वर का वास होता है।
पं. झा ने कहा कि मार्कण्डेय पुराण में कहा गया है कि स्त्रिय: समस्ता सकला जगत्सु। प्रकृति देवी के एक प्रधान अंश को हम देवसेना कहते हैं जो सबसे श्रेष्ठ मातृका मानी जाती हैं, जो समस्त लोकों के संतानों की रक्षिका देवी हैं।
पुराणों में छठ पूजा के लिए पंचमी को एक बार शुद्ध भोजन, षष्ठी को निराधार रहकर नदी तट पर फल, पुष्प, नैवेद्य, धूप, दीप के साथ हर्ष पूर्वक अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य समर्पित तथा दूसरे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य समर्पित कर पारण का विधान बताया गया है।



