विश्व

बांग्लादेश में विदेश राज्यमंत्री के घर के बाहर आगजनी, NCP नेता के आवास पर फेंका बम

ढाका- 20 नवंबर। बांग्लादेश में हालात तनावपूर्ण हैं। आगजनी और बमबारी की घटनाएं कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई हैं। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर में घरवापसी की घोषणा के बाद से उनकी पार्टी अवामी लीग और सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच झड़पें शुरू होने से आम आदमी की मुसीबत बढ़ गई है। आगजनी की ताजा घटना विदेश राज्यमंत्री हुमांयू कबीर के घर के बाहर हुई है। वहीं एक नेता के घर को बम से निशाना बनाया गया। छात्र विद्रोह और शेख हसीना के बांग्लादेश छोड़ने के बाद सरकार अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा चुकी है।

प्रोथोम अलो, ढाका ट्रिब्यून और द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार आज तड़के सिलहट शहर के दरियापारा इलाके में विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर के घर की ओर जाने वाली गली के मुख्य गेट पर कुछ लोगों ने आग लगा दी। पुलिस के अनुसार यह घटना सुबह करीब 3:30 बजे हुई। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ और न ही किसी संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

पुलिस ने बताया कि इस गली में तीन-चार घर हैं, जिनमें राज्यमंत्री का घर भी शामिल है। सुबह 3:00 से 3:30 बजे के बीच हमलावरों ने गली के मुख्य गेट के अंदर पॉलीथीन जैसी चीजों में आग लगा दी। सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त (सीटीएसबी और मीडिया) मो. अफजल हुसैन ने कहा कि इस घटना में किसी देसी बम का इस्तेमाल नहीं किया गया था। उन्होंने कहा, “पॉलीथीन जैसी चीजें जलाई गईं। यह कोई पेट्रोल बम नहीं था।”

उन्होंने बताया कि पुलिस इस घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। इस संबंध में सिलहट फायर सर्विस और सिविल डिफेंस कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि विभाग को गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह के बीच सिलहट में कहीं भी आग लगने की कोई सूचना नहीं मिली।

सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (मीडिया) अफजल हुसैन ने बताया कि उपद्रवियों ने कपड़ों के टुकड़ों में आग लगा दी। हालांकि, इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय निवासियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार इस घर में राज्यमंत्री के चाचा और परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं। जब राज्यमंत्री सिलहट आते हैं, तो वे यहीं ठहरते हैं। उनके शुक्रवार दोपहर बाद सिलहट पहुंचने का कार्यक्रम है। राज्यमंत्री के घर के बाहर आग लगने की खबर मिलने के बाद सिलहट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रजाउल हसन कोयेस लुधी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मौके पर पहुंचे।

इससे पहले नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) से संबद्ध संगठन ‘जातीय स्वेच्छासेवक शक्ति’ के संयोजक और भेदभाव-विरोधी छात्र आंदोलन के पूर्व समन्वयक माहिन सरकार के गांव स्थित घर पर पेट्रोल बम फेंकने की भी खबर आई। इस वजह से घर के प्रवेश द्वार पर आग लग गई। यह घटना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे उपजिला के शेरनगर गांव में हुई। घटना के समय माहिन ढाका में थे। घर पर उनके बीमार माता-पिता मौजूद थे। माहिन सरकार ने आरोप लगाया है कि अवामी लीग के सदस्य लंबे समय से उनके घर में आग लगाने की धमकी दे रहे थे।

पुलिस आंकड़ों के अनुसार बांग्लादेश में 7 से 18 नवंबर के बीच 78 जगहों पर देसी बम धमाके हुए, जबकि इन 12 दिनों में 74 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। इन घटनाओं के संबंध में पूरे देश में कुल 38 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने अब तक इन मामलों में 63 लोगों को गिरफ्तार किया है। आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान पुलिस के तीन प्रतिष्ठानों में भी आग लगाई गई और उनमें तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा 18 गाड़ियों में आगजनी, दो प्रतिष्ठानों में देसी बम धमाके और एक गाड़ी के देसी बम धमाके में क्षतिग्रस्त होने की खबरें भी सामने आई हैं।

इस बीच 19 नवंबर को देश के 16 जिलों में सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों तथा गाड़ियों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें गोपालगंज में बीएनपी के एक सांसद के घर पर हुआ हमला भी शामिल है। यह घटनाएं गोपालगंज, चट्टोग्राम, गाजीपुर, नटोर, मयमनसिंह, तंगैल, किशोरगंज, चांदपुर, नारायणगंज, नेत्रकोना, राजशाही, पंचगढ़, रंगपुर, पबना, सुनामगंज और सिलहट जिले में हुई हैं।

अधिकारियों का दावा है कि हमलावर महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे थे। खुफिया सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में पुलिस थानों और राज्य के अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर और हमले हो सकते हैं। यही नहीं सड़क और जलमार्ग से होने वाले आवागमन को बाधित करने की साजिश रची गई है। पुलिस ने बताया कि इस स्थिति को देखते हुए राज्य के प्रमुख प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजमार्गों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

पुलिस मुख्यालय की प्रवक्ता कमरम मुनीरा ने कहा है कि अगर कोई व्यक्ति किसी प्रतिबंधित संगठन के आयोजित कार्यक्रमों की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सार्वजनिक सुरक्षा में बाधा डालने या तोड़फोड़ और हिंसा करने की कोशिश करता है, तो मौजूदा कानूनों के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, राजधानी ढाका के गाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में आज भी अशांति है। गाजीपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने आंदोलनकारी कर्मचारी नेताओं की धरपकड़ शुरू कर दी है। तोड़फोड़ और आगजनी के आरोप में 80 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गाजीपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर मोहम्मद आशिक सईद ने इसकी पुष्टि की है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!