
MADHUBANI:- गंगासागर चौक पर गूंजा सूर्यदेव का जयघोष, भव्य प्रतिमाओं की हुई पूजा-अर्चना, प्रसाद के लिए उमड़ी भीड़
मधुबनी, 16 नवंबर। छठ महापर्व पर शहर के गंगासागर चौक सहित अन्य छठ घाटों पर भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
शहर के गंगासागर चौक, बाबूसाहब चौक, महाराजगंज, नगर निगम चौक सहित कई हिस्सों में भगवान भास्कर की विशेष पूजा-अर्चना को लेकर भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गईं। पूजा पंडालों को फूल, झालर और रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए कतार में खड़े नजर आए।
गंगासागर चौक पर सूर्या क्लब के लक्ष्मी साह, बैजनाथ साह, राजाराम साह, गोविन्द कुमार, विजय कुमार ने बताया कि हरेक साल की तरह इस साल भी गंगासागर चौक पर भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। क्लब की ओर से पूजा के बाद भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया। प्रसाद लेने के लिए महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में काफी उत्साह देखा गया।
इधर, मुरली मनोहर छठ घाट पर भव्य पंडाल में भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। पंडाल में लाइट और साउंड की विशेष व्यवस्था की गई थी। समाजसेवी टिंकू कसेरा ने बताया कि तालाब घाट की साफ-सफाई में नगर निगम का सहयोग मिला।



