
LAKSHYATAK.IN की खबर का असर, मधुबनी गंगासागर छठ घाट पर युद्धस्तर पर शुरू हुआ काम, संध्या अर्घ्य से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा प्रशासन
मधुबनी, 15 नवंबर। शहर के गंगासागर छठ घाट की बदहाल स्थिति की खबर सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। सदर एसडीओ चंदन झा, सदर डीएसपी अमित कुमार, नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती और नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से गंगासागर छठ घाट पर पहुंचकर निरीक्षण किया और युद्धस्तर पर व्यवस्था ठीक कराने का निर्देश दिया।
निर्देश के बाद घाट पर काम तेज हो गया है। नगर निगम की टीम घाट किनारे की दुकानों के पीछे बने ऊंचे रास्ते को काटकर स्लोप बना रही है, ताकि व्रती आसानी से नीचे जल तक उतर सकें। करीब चार फीट ऊंचे हो चुके रास्ते को समतल करने के लिए मजदूर और स्थानीय लोग कुदाल से मिट्टी काटने में जुटे हैं।
प्रशासन ने घाट पर बच्चों और बुजुर्गों को कोई कठिनाई न हो, इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया है। घाट पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और व्रती सुरक्षित तरीके से अर्घ्य दे सकें।
संध्या अर्घ्य के दौरान बिजली व्यवस्था को भी दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। घाट के आसपास अतिरिक्त लाइट की व्यवस्था की जा रही है।
हालांकि काम शुरू होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन परिजनों का कहना है कि जब तक घाट पूरी तरह समतल नहीं हो जाता और दुकानें नहीं हटतीं, तब तक चिंता बनी रहेगी। लोगों ने कहा कि संध्या अर्घ्य में अब कुछ ही घंटे बचे हैं, प्रशासन को दोपहर तक हर हाल में काम पूरा करना होगा।
फिलहाल घाट पर रत्नेश श्रीवास्तव, अरुण कुमार, मदन खंडेलवाल, आशीष कुमार, मिथिलेश कुमार सहित दर्जनों लोग प्रशासन के साथ मिलकर स्लोप बनाने में जुटे हैं। अब सबकी नजर इस पर है कि शाम को अर्घ्य से पहले घाट पूरी तरह तैयार हो पाता है या नहीं।



