
MADHUBANI: चकदह गुलटेनी पोखर पर अतिक्रमण के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद ने खोला मोर्चा
पोखर पर अतिक्रमण और गंदगी से लोग परेशान, विहिप जिलाध्यक्ष ने कहा – होगा धरना-प्रदर्शन
मधुबनी, 20 नवंबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 21 स्थित चकदह गुलटेनी पोखर पर अतिक्रमण और गंदगी को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष आदित्य सिंह अपनी टीम के साथ पोखर पर पहुंचे। उनके साथ बजरंग दल के जिला संयोजक तरुण राठौर, विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री गोनू यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर अतिक्रमण का जायजा लिया।
मौके पर जिलाध्यक्ष ने स्थानीय लोगों से अतिक्रमण की जानकारी ली और पोखर की वर्तमान स्थिति को देखा। इस दौरान उन्होंने सरकार से पोखर को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने और साफ-सफाई कराकर चारों ओर घाट बनाने की मांग की।
साढ़े तीन बीघा का है पोखर—
जिलाध्यक्ष आदित्य सिंह ने कहा कि यह पोखर लगभग साढ़े तीन बीघा का है। सरकार की ओर से डीएम को आदेश दिया गया है कि सीओ अमीन को लेकर जितना जल्दी हो इस पोखर की नापी करके साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाएं।
उन्होंने कहा कि पोखर में लैट्रिन का पानी, बाथरूम का पानी और बहुत तरह की गंदगी गिराई जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को बहुत ज्यादा परेशानी हो रही है।
छठ महापर्व में भी नहीं हुई साफ-सफाई
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभी-अभी छठ महापर्व बीता है, लेकिन इस पोखर पर साफ-सफाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों को छठ पूजा करने में काफी परेशानी हुई।
उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े पोखरों पर सरकार का ध्यान है, लेकिन टोला-मोहल्ला के पोखरों पर ध्यान नहीं है।
*धरना-प्रदर्शन की चेतावनी* जिलाध्यक्ष ने साफ कहा कि सामाजिक स्तर से इस पोखर सहित ऐसे बहुत सारे पोखरों को अतिक्रमण मुक्त करवाने और साफ-सफाई के लिए धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन और सरकार से मांग करते हैं कि जितना जल्दी हो सके इस पोखर को अतिक्रमण मुक्त करवाया जाए। साफ-सफाई करवाकर चारों साइड घाट बनाया जाए।



