
JHARKHAND:- रिम्स जमीन घोटाले में पूर्व CO शैलेश कुमार के आवास पर ACB की फिर छापेमारी
गिरिडीह- 20 नवंबर। रिम्स जमीन घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार को एक बार फिर गिरिडीह शहर के शास्त्रीनगर स्थित पूर्व अंचल अधिकारी (सीओ) शैलेश कुमार के आवास पर छापेमारी की। अहले सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व हजारीबाग एसीबी के डीएसपी सुरेंद्र रविदास कर रहे हैं।
न्यू रिम्स के निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीन से जुड़े कथित घोटाले के मामले में एसीबी करीब दो वर्ष पहले भी शैलेश कुमार के शास्त्रीनगर स्थित आवास पर छापेमारी कर चुकी है। शुक्रवार को हुई कार्रवाई के दौरान पूर्व सीओ के पिता उदय शंकर प्रसाद भी घर पर मौजूद थे।
आज एसीबी की टीम आधा दर्जन वाहनों से शैलेश कुमार के आवास पहुंची। टीम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस के जवान भी मौजूद थे। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे आवास की घेराबंदी कर दी गई। इसके बाद अधिकारियों ने घर के अंदर दस्तावेजों की जांच शुरू की। छापेमारी के दौरान किसी को भी घर से बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई।
रिम्स जमीन घोटाला मामले में एसीबी की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। गुरुवार को एजेंसी ने बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार को गिरफ्तार किया था। वह पूर्व में बड़गाईं अंचल अधिकारी के पद पर तैनात रह चुके हैं। इससे पहले 17 नवंबर को एसीबी ने आईएएस मनोज कुमार रंजन सहित छह पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार अधिकारियों में तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता (एलआरडीसी), तीन जिला अवर निबंधक और दो अंचल अधिकारी शामिल हैं। अब जांच एजेंसी गिरफ्तार अधिकारियों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
एसीबी की टीम दस्तावेजों के साथ संबंधित अधिकारियों की संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य जानकारियां भी खंगाल रही है। माना जा रहा है कि छापेमारी और पूछताछ के जरिए जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री तथा सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



