
BIHAR:- कटिहार के तत्कालीन DSP (रक्षित) मनोज कुमार निलंबित, महिलाओं से आपत्तिजनक व्यवहार का आरोप
पटना, 21 नवंबर। बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने कटिहार के तत्कालीन पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) मनोज कुमार, बिपुसे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
अधिसूचना में कहा गया है कि मनोज कुमार के विरुद्ध महिलाओं से आपत्तिजनक व्यवहार करने संबंधी प्रतिवेदित आरोप गंभीर एवं संवेदनशील प्रकृति के हैं। प्रथम दृष्टया ये आरोप बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली-1976 के नियम-3(1) में निहित प्रावधान के प्रतिकूल पाये गये हैं। इसी के मद्देनजर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन की अवधि में मनोज कुमार का मुख्यालय पुलिस महानिरीक्षक, पूर्णियां क्षेत्र, पूर्णियां के अधीन रहेगा। निलंबन अवधि में उन्हें उक्त नियमावली के नियम-10 के तहत जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
अधिसूचना बिहार राज्यपाल के आदेश से सरकार के अवर सचिव रत्नेश कुमार के हस्ताक्षर से जारी हुई है। इसकी प्रतिलिपि महालेखाकार, गृह विभाग, पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उप-महानिरीक्षक पूर्णियां क्षेत्र, पुलिस अधीक्षक कटिहार सहित संबंधित पदाधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।



