
दरभंगा में 14 दिसंबर को होगा निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह, समाज के सहयोग से बेटियों की होगी सम्मानपूर्वक विदाई
दरभंगा- 20 नवंबर। अखिल भारतीय हिन्दू जागरण सेवा समिति, दरभंगा की ओर से निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह समारोह का आयोजन 14 दिसंबर को दरभंगा में होगा। समिति के संस्थापक एवं हायाघाट के पूर्व विधायक अमरनाथ गामी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण किसी बेटी के विवाह में कठिनाई न आने देना है। विवाह को सामाजिक सहयोग और सम्मान का उत्सव बनाना समिति का संकल्प है।
समिति की ओर से नवदंपति को घर बसाने के लिए जरूरी सामग्री दी जाएगी। इसमें गद्दा, तकिया, जाजिम, मच्छरदानी, कंबल, वर-वधू के वस्त्र, बैग, घड़ी, बर्तन सेट, गैस चूल्हा, श्रृंगार प्रसाधन, रोल्ड गोल्ड आभूषण, फल-मिठाई और उपहार शामिल हैं। इसके अलावा बारात-सत्कार, विवाह समारोह की व्यवस्था, रिसेप्शन और आशीर्वाद के साथ सम्मानपूर्ण विदाई की भी पूरी व्यवस्था की गई है।
समिति ने स्पष्ट किया है कि यह आयोजन समाज के उदार लोगों के स्वैच्छिक दान एवं सहयोग से संपन्न होगा। समिति का सिद्धांत है कि अपनी इच्छा और सामर्थ्य से दिया गया सहयोग दान है। लोग आर्थिक सहयोग के साथ-साथ विवाह में उपयोग होने वाली सामग्री भी दान कर सकते हैं। समिति के वर्तमान अध्यक्ष दीपू सूडी, मनोज झा, आशीष साह, राजेश पूर्वे ने संयुक्त रूप से बताया कि अखिल भारतीय हिन्दू जागरण सेवा समिति की स्थापना 16 जुलाई 2022 को हुई थी। समिति सामाजिक समरसता, सेवा और सहयोग की भावना से लगातार काम कर रही है। समाज के लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को इस आयोजन का लाभ मिल सके।



