
MADHUBANI:- बाप के कंधे पर बेटे की अर्थी, पीछे रह गया 1 साल का मासूम: पीड़ित पिता ने डीएम से लगाई मदद की गुहार
मधुबनी- 30 सितंबर। नगर पंचायत घोघरडीहा के किसनीपट्टी वार्ड नं- 07 में 8 सितंबर की शाम एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय राहुल कुमार राम की मौत हो गई। घर के ऊपर से गुजर रहा 11,000 वोल्ट का बिजली का तार टूटकर गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया।
परिजनों के अनुसार घटना शाम करीब 8 बजे की है। परिजन उसे तुरंत अनुमंडल अस्पताल फुलपरास ले गए, जहां चिकित्सक ने रात्रि 09:07 बजे Token No. ADMT-5007610 पर उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता लालदेव राम पिता रामसेवक राम ने जिलाधिकारी को दिए आवेदन में बताया है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसे MLC के रूप में दर्ज तो किया गया, लेकिन थाना को सूचना नहीं दी गई और न ही परिजनों को पोस्टमार्टम की अनिवार्यता के बारे में बताया गया। पिता ने आवेदन में लिखा है हम गरीब शोकाकुल होने एवं सामाजिक रीति-रिवाज के कारण शव का दाह-संस्कार कर दिया, इसलिए पोस्ट मार्टम नहीं हो सका।
इस संबंध में घोघरडीहा थाना में UD केस सं- 06/2026, दिनांक 12.09.2026 दर्ज है। मृतक के पीछे उसकी पत्नी और 1 वर्ष का अबोध पुत्र है। परिवार अत्यंत निर्धन है। अब नियमानुसार आपदा अनुग्रह अनुदान के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट अनिवार्य होने के कारण 4 लाख रुपये की सहायता राशि में पेंच फंस गया है।
पीड़ित पिता ने डीएम से प्रार्थना की है कि SDM फुलपरास की पर्ची (Token No. ADMT-5007610) और UD केस को मृत्यु का प्रमाण मानते हुए पोस्टमार्टम की बाध्यता से छूट प्रदान कर 4,00,000 रुपये का आपदा अनुदान स्वीकृत किया जाए। आवेदन अंचल अधिकारी घोघरडीहा के माध्यम से जिला पदाधिकारी को दिया गया है।



