
MADHUBANI: भौआड़ा में वक्फ की 16 कट्ठा जमीन पर अतिक्रमण की आशंका, औकाफ कमेटी ने SDM से लगाई गुहार – स्थल जांच कर निर्माण पर रोक लगाने की मांग
मधुबनी, 11 नवंबर। जिले में वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। रहिका अंचल में वक्फ बोर्ड के नाम से दर्ज करीब 16 कट्ठा जमीन पर कथित रूप से अतिक्रमण की कोशिश की आशंका जताई गई है। इसको लेकर मंगल मोमीन औकाफ कमेटी, मधुबनी ने सदर अनुमंडल दंडाधिकारी को आवेदन देकर हस्तक्षेप और जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
कमेटी की ओर से 10 नवंबर को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि रहिका अंचल के मौजा भौआड़ा थाना नंबर-62, पुराना खेसरा संख्या 2264 एवं 2283 की जमीन वक्फ संपत्ति के रूप में दर्ज है। दोनों भूखंडों का रकबा आठ-आठ कट्ठा बताया गया है। इस तरह कुल 16 कट्ठा जमीन वक्फ संपत्ति के अंतर्गत आती है। कमेटी का दावा है कि उक्त जमीन वक्फ बोर्ड के अभिलेखों एवं आधिकारिक वेबसाइट पर भी दर्ज है, जिसका वक्फ नंबर 1145 है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि उक्त जमीन पर बिजली विभाग की ओर से अतिक्रमण कर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। कमेटी ने स्थल पर निर्माण कार्य से संबंधित सामग्री गिराए जाने की शिकायत भी की है। उसका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासनिक हस्तक्षेप नहीं हुआ, तो वक्फ की इस संपत्ति पर अवैध कब्जे की आशंका बढ़ सकती है।
कमेटी ने कहा है कि किसी भी विवादित स्थिति में पहले जमीन के स्वामित्व और संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाना चाहिए। बिना अभिलेखीय जांच के जमीन पर किसी प्रकार की निर्माण गतिविधि या कब्जे की स्थिति उत्पन्न होना भविष्य में बड़े विवाद का कारण बन सकता है।
मंगल मोमीन औकाफ कमेटी ने SDM से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल स्थल निरीक्षण कराया जाए।राजस्व अभिलेखों और वक्फ बोर्ड के दस्तावेजों का मिलान कर जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। जांच पूरी होने तक संबंधित जमीन पर किसी भी प्रकार की निर्माण गतिविधि या संभावित अतिक्रमण पर रोक लगाई जाए।
वक्फ संपत्ति पर कथित अतिक्रमण की शिकायत के बाद अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। फिलहाल,औकाफ कमेटी की ओर से दिए गए आवेदन के बाद मामले में प्रशासनिक पहल का इंतजार है। इस मामले में अभी तक बिजली विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



